शामली। कांधला थाना क्षेत्र के एलम बाईपास हुए भीषण सड़क हादसे में जनपद बागपत के असारा गांव निवासी दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार बोलेरो (संख्या यूपी-19 एफ 00209) ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल (संख्या यूपी-17 आर 6250) को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो शामली-दिल्ली हाईवे पर कांधला की ओर जा रही थी। एलम बाईपास के निकट वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और बाइक से सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार मोइन (25 वर्ष) पुत्र अब्बास और मोइन खान (27 वर्ष) पुत्र लुकमान की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक किसी निजी कार्य से शामली आए थे और वापस असारा गांव लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बाइक पर सवार तीसरा युवक साहुल गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। वहीं बोलेरो में सवार एलम निवासी प्रदीप पुत्र शशांक और बालेंद्र पुत्र विकास भी घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना पर पहुंची कांधला पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और बोलेरो को अपने कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
