मुजफ्फरनगर। जनपद के पुरकाजी क्षेत्र में करोड़ों रुपये के निवेश घोटाले में फरार चल रही महिला आरोपी के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। कोर्ट के आदेश पर पुरकाजी पुलिस ने आरोपी के घर पहुंचकर मुनादी कराते हुए कुर्की की चेतावनी का नोटिस चस्पा किया। यदि आरोपी निर्धारित समय सीमा में अदालत के समक्ष उपस्थित नहीं होती है तो उसकी संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार पुरकाजी क्षेत्र में संचालित एक निवेश योजना के जरिए बड़ी संख्या में लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया था। आरोप है कि “सेनेमी” नाम से चल रही एक कंपनी के माध्यम से लोगों को कम समय में रकम दोगुनी करने का लालच दिया गया। कंपनी के एजेंटों और संचालकों ने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि लगभग डेढ़ वर्ष में उनकी रकम दोगुनी कर दी जाएगी। लालच में आकर क्षेत्र के कई गांवों के लोगों ने अपनी जमा पूंजी कंपनी में लगा दी।
जांच में सामने आया कि इस योजना के जरिए करीब 120 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की गई। मामले की जांच के बाद पुलिस ने कंपनी से जुड़े अमित कुमार गौतम निवासी खेड़की, सरफराज और शादाब निवासी झोझगान, थाना पुरकाजी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जबकि इस मामले में नामजद एक महिला आरोपी वंदना काफी समय से फरार चल रही है।
पुलिस के अनुसार फरार आरोपी की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद न्यायालय से आदेश प्राप्त कर पुलिस ने आरोपी के घर पहुंचकर धारा 82 के तहत मुनादी कराते हुए नोटिस चस्पा किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी में गांव में ढोल बजाकर घोषणा की गई कि आरोपी निर्धारित समय में अदालत के समक्ष हाजिर हो।
पुरकाजी पुलिस का कहना है कि यदि आरोपी तय समय सीमा के भीतर अदालत में पेश नहीं होती है तो धारा 83 के तहत उसके मकान और अन्य संपत्ति की कुर्की की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में ठगी के इस बड़े मामले को लेकर लोगों के बीच एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास लगातार जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group