सहारनपुर। जनपद के थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र स्थित चर्चित शिवालिक फार्म हाउस गोलीकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस सनसनीखेज मामले के मुख्य आरोपी और 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश शक्ति सिंह ठाकुर को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह घटना 8 फरवरी को थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र के शिवालिक फार्म हाउस में हुई थी। यहां जमीन के सौदे और प्लॉटिंग से जुड़े आर्थिक विवाद को लेकर कुछ लोगों की बैठक बुलाई गई थी। बैठक के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान शक्ति ठाकुर और उसके साथियों ने हथियार निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गोलीबारी की इस घटना में साधारणसिर गांव निवासी युवक शिवम राणा को गंभीर गोली लगी, जिसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके अलावा मनीष और योगेंद्र नाम के दो अन्य युवक भी घायल हो गए थे। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी थी।
मृतक के परिजनों की तहरीर पर थाना बिहारीगढ़ में शक्ति ठाकुर सहित कई आरोपियों के खिलाफ हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। वारदात के बाद से मुख्य आरोपी शक्ति ठाकुर फरार हो गया था, जिसके चलते पुलिस प्रशासन ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था।
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मोहंड मार्ग की ओर देखा गया है। इसके बाद पुलिस टीम ने वन विभाग की चेक पोस्ट के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की फॉर्च्यूनर कार भी बरामद की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group