मुजफ्फरनगर। जनपद में होली पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ होली का पर्व मनाया। इस दौरान पुलिसकर्मी रंग-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते नजर आए, वहीं ढोल की थाप पर जमकर नृत्य भी किया गया।
होली के इस रंगारंग आयोजन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा भी पुलिसकर्मियों के साथ पूरे जोश के साथ शामिल हुए। एसएसपी संजय वर्मा ने ढोल बजाकर माहौल को और अधिक उत्साहपूर्ण बना दिया। उनके साथ पुलिसकर्मी भी ढोल की थाप पर थिरकते नजर आए और सभी ने एक-दूसरे को रंग लगाकर पर्व की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम में एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत, अन्य पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों और जवानों ने पहले जनपद में सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए होली का पर्व सकुशल संपन्न कराया, जिसके बाद पुलिस लाइन में पारंपरिक अंदाज में तिलहंडी खेलकर उत्सव मनाया गया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आपसी भाईचारे और सौहार्द का यह पर्व समाज को एकजुटता का संदेश देता है। कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दे रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group