मेरठ। जनपद के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में एक युवक के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। कई दिनों से बेटे का कोई सुराग न लगने से परेशान मां गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंची और अधिकारियों से बेटे की तलाश कराकर न्याय दिलाने की गुहार लगाई। महिला ने आशंका जताई कि उसके बेटे के साथ कोई गंभीर अनहोनी हो चुकी है।
कंकरखेड़ा क्षेत्र के गोविंदपुरी मोहल्ला निवासी महिला ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि उसका 24 वर्षीय बेटा आकाश ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के अनुसार आकाश करीब दो सप्ताह पहले घर से निकला था, लेकिन इसके बाद से वह वापस नहीं लौटा। काफी तलाश करने के बावजूद उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका, जिससे परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं।
पीड़ित मां का आरोप है कि बेटे से उसकी आखिरी बार फोन पर बात हुई थी, उस दौरान दूसरी ओर से शोर-शराबे और मारपीट जैसी आवाजें सुनाई दे रही थीं। महिला के मुताबिक आकाश ने फोन पर बताया था कि उसे जबरन कुछ खिला दिया गया है और एक व्यक्ति कालू नाम का व्यक्ति उसके साथ मारपीट कर रहा है। इसके तुरंत बाद फोन कट गया और तब से उसका मोबाइल बंद आ रहा है।
महिला का कहना है कि कालू नामक व्यक्ति भी इसी इलाके में रहता है और ऑटो चलाने का काम करता है। परिवार को शक है कि उसी व्यक्ति ने आकाश के साथ कोई अनहोनी कर दी है। पीड़िता का आरोप है कि स्थानीय थाने में शिकायत देने के बावजूद अब तक पुलिस की ओर से संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते उसे एसएसपी कार्यालय आकर गुहार लगानी पड़ी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों ने संबंधित थाना पुलिस को जांच तेज करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अब युवक के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगालने के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्ति की तलाश में भी जुट गई है। वहीं बेटे के लापता होने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group