मुजफ्फरनगर, 5 मार्च 26। होली के त्यौहार के बाद जनपद के तितावी थाना क्षेत्र के अमीनगर गांव में दो पक्षों के बीच विवाद भड़कने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई और दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर जमकर ईंट-पत्थर फेंके। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में कर कई लोगों को हिरासत में ले लिया।
बताया जा रहा है कि होली के दिन रंग खेलने के दौरान बच्चों के बीच हुई कहासुनी को लेकर विवाद शुरू हुआ था। शाम को यह विवाद दोबारा भड़क गया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। कुछ ही देर में गाली-गलौज के बाद माहौल बिगड़ गया और लोगों ने घरों की छतों व गलियों से एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए।
ग्रामीणों के अनुसार पत्थरबाजी के कारण कुछ लोगों को हल्की चोटें भी आईं। घटना की सूचना मिलते ही तितावी थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को काबू में कर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने मौके से जोगेंद्र, अंकुश, सुमित कुमार और सोनू सहित कई लोगों को हिरासत में लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ शांति भंग और मारपीट से संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। साथ ही घटना से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान भी की जा रही है।
