मुजफ्फरनगर, 06 मार्च 26। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में शुक्रवार को शहर के फेडरेशन सभागार में जिला व्यापार बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों ने व्यापार से जुड़ी समस्याएं विस्तार से रखीं, जिन पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान नगर पालिका से जुड़े मुद्दों पर विशेष चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर में नालियों और नालों के निर्माण, सफाई और मरम्मत का कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि व्यापारिक क्षेत्रों में जलभराव की समस्या न रहे।
विद्युत विभाग को भी सख्त निर्देश दिए गए कि शहर के विभिन्न स्थानों पर खंभों पर अवैध रूप से लटके तारों को तत्काल हटवाया जाए। साथ ही जिन क्षेत्रों में बिजली के खंभे जर्जर या खराब स्थिति में हैं, उन्हें जल्द दुरुस्त कराया जाए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।
मंडी समिति से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए जिलाधिकारी ने 9 मार्च को राज्य कर विभाग, मंडी समिति के अधिकारियों और संबंधित व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक बुलाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त मंडी से संबंधित अन्य लंबित समस्याओं के निराकरण के लिए मंडी सचिव को भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और किसी भी विभाग की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि व्यापारिक क्षेत्रों में साफ-सफाई, नाली-नालों की मरम्मत और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए समयबद्ध योजना बनाकर कार्य करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर, देशभूषण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और व्यापार संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
