बिजनौर। जनपद के नगीना क्षेत्र में एक निजी क्लीनिक में हुई गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। रिपोर्ट दिखाने के बहाने क्लीनिक में पहुंचे एक युवक ने डॉक्टर को नजदीक से गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल डॉक्टर को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार धामपुर रोड स्थित शिवालय हेल्थ केयर सेंटर में शाम करीब 6:45 बजे एक युवक बाइक से पहुंचा और रिसेप्शन पर अपने बच्चे की मेडिकल रिपोर्ट दिखाने की बात कही। कर्मचारी उसे डॉक्टर के कक्ष तक ले गया, जहां डॉ. राजकुमार (38) निवासी नंदग्राम, गाजियाबाद मरीजों को देख रहे थे। युवक ने कागज दिखाने के दौरान अचानक बैग से तमंचा निकालकर डॉक्टर के सीने में गोली मार दी।
गोली की आवाज सुनकर क्लीनिक में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी तमंचा लहराते हुए बाहर निकला और बाइक छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके की जांच की और सीसीटीवी फुटेज खंगाली।
पुलिस के अनुसार छोड़ी गई बाइक और फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान तिबड़ी गांव निवासी विकास उर्फ छोटू के रूप में की गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group