अलीगढ़, 6 मार्च 26। शहर के बन्नादेवी थाना क्षेत्र में होली के दौरान शुरू हुआ पड़ोसियों का मामूली विवाद अचानक खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया। आरोप है कि कहासुनी के दौरान भाजपा से जुड़े एक स्थानीय नेता ने अपने पड़ोसी के सीने पर लाइसेंसी पिस्टल तान दी और धमकी दी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बन्नादेवी क्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ला निवासी भाजपा नेता हेमंत गर्ग का अपने पड़ोसी विशाल शर्मा से होली के चंदे को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि चार मार्च को दोनों परिवारों के बच्चों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था।
बताया जाता है कि अगले दिन इस मामले को लेकर दोनों परिवारों के बीच मोबाइल संदेशों के माध्यम से भी तीखी बहस हुई। इसी विवाद को लेकर विशाल शर्मा शिकायत करने के उद्देश्य से हेमंत गर्ग के घर पहुंचे, जहां दोनों पक्षों के बीच बहस तेज हो गई और माहौल गरमा गया।
आरोप है कि इसी दौरान हेमंत गर्ग का नाबालिग बेटा घर के अंदर से अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल लेकर बाहर आ गया और कथित रूप से फायर कर दिया। बताया जा रहा है कि गोली विशाल शर्मा के कान के पास से निकल गई, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हंगामे के बीच हेमंत गर्ग ने बेटे के हाथ से पिस्टल लेकर पड़ोसी के सीने पर तान दी और उसे धमकाया। आसपास के लोगों ने किसी तरह दोनों पक्षों को अलग कराया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। पीड़ित विशाल शर्मा की तहरीर के आधार पर पुलिस ने हेमंत गर्ग और उनके बेटे के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भाजपा नेता हेमंत गर्ग को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनका नाबालिग बेटा फिलहाल फरार बताया जा रहा है और उसकी तलाश जारी है।
