मुजफ्फरनगर के चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम के तहत बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया। ‘अस्मिता – खेल से ही है पहचान’ अभियान तथा फिट इंडिया महिला सप्ताह-2026 के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में बालिकाओं का स्वागत फूलमालाओं से किया गया और उन्हें खेलों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण के निर्देशन में किया गया। प्रभारी जिला क्रीड़ाधिकारी एवं अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रशिक्षक भूपेन्द्र सिंह यादव ने स्टेडियम में उपस्थित बालिकाओं को बॉक्सिंग के माध्यम से आत्मरक्षा के महत्वपूर्ण दांव-पेच सिखाए। वहीं एनआईएस प्रशिक्षक मनीष शर्मा ने ग्रीन फील्ड स्कूल मुजफ्फरनगर की छात्राओं को आत्मरक्षा के विभिन्न अभ्यास कराए और खेलों के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर प्रतिभागी बालिकाओं और खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया। साथ ही होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज जड़ौदा की शिक्षिका श्रीमती रीना चौहान को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी माय भारत की कु. भावना, प्रतिभा शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बाल कल्याण समिति मुजफ्फरनगर के डॉ. राजीव कुमार ने भी कार्यक्रम में सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं को खेल और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group