नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार में बढ़ती अस्थिरता का असर अब देश की रसोई तक पहुंच गया है। केंद्र सरकार और तेल विपणन कंपनियों ने घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरों के लागू होने के बाद 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में लगभग 60 रुपये तक की वृद्धि हो गई है। राजधानी दिल्ली में अब यह सिलेंडर करीब 913 रुपये में उपलब्ध होगा, जबकि इससे पहले इसकी कीमत लगभग 853 रुपये थी।
तेल कंपनियों के अनुसार नई कीमतें तुरंत प्रभाव से लागू कर दी गई हैं और देशभर में गैस एजेंसियों पर इन्हीं दरों के आधार पर सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही है। घरेलू गैस के साथ-साथ 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई है। कमर्शियल सिलेंडर करीब 100 से 120 रुपये तक महंगा हुआ है, जिससे होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और छोटे खाद्य कारोबारियों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ने की संभावना है।
पेट्रोलियम मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और वैश्विक ऊर्जा बाजार में उतार-चढ़ाव के कारण गैस की लागत बढ़ी है। इसी वजह से तेल कंपनियों ने घरेलू और कमर्शियल दोनों श्रेणी के सिलेंडरों की कीमतों में संशोधन किया है।
सरकार ने देश में एलपीजी की आपूर्ति सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख तेल रिफाइनरियों को निर्देश दिए हैं कि प्रोपेन और ब्यूटेन गैस का अधिक उपयोग एलपीजी उत्पादन में किया जाए। इसके साथ ही इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी कंपनियों को गैस आपूर्ति प्राथमिकता से सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group