लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य उस समय एक बड़े हादसे से बाल-बाल बच गए जब उनके हेलीकॉप्टर में उड़ान के दौरान अचानक तकनीकी खराबी आ गई और केबिन के अंदर धुआं भरने लगा। स्थिति को गंभीर देखते हुए पायलट ने तत्परता दिखाते हुए हेलीकॉप्टर को वापस चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, लखनऊ की ओर मोड़ दिया और आपात लैंडिंग कराई। हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को लखनऊ से हेलीकॉप्टर द्वारा कौशांबी जिले में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हुए थे। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद हेलीकॉप्टर के अंदर तकनीकी समस्या उत्पन्न हो गई और केबिन में धुआं दिखाई देने लगा। इस पर पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर हेलीकॉप्टर को वापस लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारने का निर्णय लिया।
एयरपोर्ट प्रशासन को पहले ही अलर्ट कर दिया गया था, जिसके चलते आपात सेवाएं मौके पर तैनात कर दी गईं। निर्धारित प्रक्रिया के तहत हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। घटना के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। तकनीकी टीम द्वारा हेलीकॉप्टर की जांच कर खराबी के कारणों का पता लगाया जा रहा है, जबकि उपमुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित बताए गए हैं।
