बिजनौर। जनपद के नांगल क्षेत्र में होली के दिन एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से परिवार में कोहराम मच गया। रंग खेलने के बाद नहाने के लिए बाथरूम में गई महिला काफी देर तक बाहर नहीं निकली तो परिजनों को शक हुआ। दरवाजा तोड़कर देखा गया तो वह अंदर बेहोश अवस्था में पड़ी मिली। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नांगल थाना क्षेत्र के निवासी मनीष जोशी की पत्नी आकांक्षा (लगभग 23 वर्ष) होली के दिन परिवार के साथ घर पर रंग खेल रही थी। रंग खेलने के बाद वह शाम के समय नहाने के लिए घर के बाथरूम में चली गई। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह बाहर नहीं आई तो परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिवार के लोगों ने बाथरूम का दरवाजा तोड़कर देखा तो आकांक्षा अंदर बेहोशी की हालत में पड़ी मिली।
परिजन तुरंत उसे उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही घर में मातम छा गया। बताया जा रहा है कि आकांक्षा की शादी करीब एक वर्ष पहले ही मनीष जोशी के साथ हुई थी, जो संविदा पर रोडवेज में कंडक्टर के पद पर कार्यरत है।
सूचना मिलने पर मृतका के मायके पक्ष के लोग गाजियाबाद से बिजनौर पहुंच गए और उन्होंने मौत को संदिग्ध बताते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है। उधर, प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बाथरूम में लगे गैस गीजर से गैस बनने के कारण दम घुटने से यह हादसा हुआ हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही एहतियात के तौर पर बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है
