मुजफ्फरनगर, 7 मार्च 26। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जानसठ का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में मरीजों को दी जा रही सुविधाओं, साफ-सफाई की व्यवस्था तथा दवाओं की उपलब्धता की विस्तार से जांच की और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने अस्पताल के ओपीडी कक्ष, वार्ड, प्रसूति कक्ष, दवा वितरण काउंटर तथा पैथोलॉजी लैब का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनके उपचार और सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने सीएचसी जानसठ के प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अर्जुन सिंह को निर्देश देते हुए कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिलना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि चिकित्सा सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों के अधिक से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं, ताकि गरीब और जरूरतमंद लोगों को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मिल सके। साथ ही चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को समय से ड्यूटी पर उपस्थित रहने तथा मरीजों के प्रति जिम्मेदार और संवेदनशील व्यवहार अपनाने के निर्देश भी दिए।
