नई दिल्ली/चंडीगढ़, 7 मार्च 26। मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह का हाल ही में रिलीज हुआ हरियाणवी गाना ‘टटिहरी’ विवादों में घिर गया है। गाने के बोल और वीडियो को लेकर आपत्तियां उठने के बाद इसे यूट्यूब से हटा दिया गया है। मामले को लेकर हरियाणा पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है और गायक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
जानकारी के अनुसार गाना रिलीज होने के बाद कुछ सामाजिक संगठनों और महिला अधिकार समूहों ने इसके बोल और वीडियो पर आपत्ति जताई। उनका आरोप है कि गाने में इस्तेमाल किए गए कुछ शब्द और दृश्य महिलाओं की गरिमा के खिलाफ हैं और समाज में गलत संदेश देते हैं।
शिकायत के आधार पर हरियाणा के पंचकूला में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि वीडियो में कुछ ऐसे दृश्य भी दिखाए गए थे जिन पर लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई, जिसके बाद विवाद तेजी से बढ़ गया।
विवाद बढ़ने के बाद संबंधित चैनल द्वारा गाने का वीडियो यूट्यूब से हटा दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
