मुरादाबाद, 7 मार्च 26। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद के मझोला थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां प्रेम संबंध टूटने के बाद मानसिक तनाव में आए युवक ने अपनी ही बहन की चाकू से हमला कर हत्या कर दी। घटना में बीच-बचाव करने आई मां भी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
पुलिस के अनुसार मझोला क्षेत्र के बुद्धि विहार स्थित गणेश पार्क कॉलोनी निवासी हार्दिक नामक युवक होली की छुट्टियों में गुरुग्राम से अपने घर आया हुआ था। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से उसकी अपनी गर्लफ्रेंड से अनबन चल रही थी और हाल ही में दोनों का ब्रेकअप हो गया था। इसी बात को लेकर वह मानसिक तनाव में था।
शनिवार को घर में किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद हार्दिक ने अचानक अपनी बहन हिमशिखा पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। बहन को बचाने के लिए आई मां नीलिमा पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे वह भी घायल हो गईं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिजन तुरंत घायलों को अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने हिमशिखा को मृत घोषित कर दिया, जबकि मां का उपचार जारी है।
वारदात के बाद आरोपी युवक कार लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group