सहारनपुर/छुटमलपुर। कस्बे के मुस्लिम कॉलोनी क्षेत्र में स्थित एक कपड़ा दुकान में चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। कपड़े खरीदने के बहाने दुकान में पहुंचीं दो महिलाओं को दुकानदार ने संदिग्ध स्थिति में पकड़ लिया, जबकि उनके साथ आया युवक मौका पाकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सब्जी मंडी स्थित लक्ष्मी क्लॉथ हाउस के संचालक विष्णु दत्त शर्मा की दुकान पर सोमवार को दो महिलाएं ग्राहक बनकर पहुंचीं। बताया गया है कि दोनों महिलाएं गांव गंदेवड़ा की रहने वाली हैं। दुकान में अधिक भीड़ होने का लाभ उठाते हुए महिलाओं ने दुकान में रखे कुछ कपड़ों को चुपके से अपने पास रखने का प्रयास किया।
इसी दौरान दुकानदार की नजर उनकी गतिविधियों पर पड़ गई। संदेह होने पर जब दुकानदार ने आवाज लगाई तो महिलाओं के साथ आया युवक वहां से भाग निकला। दुकानदार और आसपास मौजूद लोगों की मदद से दोनों महिलाओं को पकड़ लिया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को अपने साथ थाने ले गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा फरार युवक की तलाश की जा रही है।
