मुजफ्फरनगर। थाना चरथावल क्षेत्र के गांव नंगलाराई में खेत पर काम कर रहे एक मजदूर के साथ बड़ा हादसा हो गया। खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार गांव नंगलाराई निवासी युवक सलीम खेतों में ईख बांधने का काम करता है। बताया जाता है कि सोमवार सुबह वह रोज की तरह गांव मथुरा जाने वाले रास्ते के पास स्थित खेत में पत्ती बांधने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया।
घटना होते ही आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और परिजनों व पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के कारण पहले भी हादसे की आशंका बनी रहती है। उन्होंने बिजली विभाग से ऐसी लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group