मुजफ्फरनगर, 7 मार्च 26। सहारनपुर मंडल के मंडलायुक्त डॉ. रुपेश कुमार ने शनिवार को जनपद मुजफ्फरनगर की खतौली तहसील और विकासखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्व कार्यों, अभिलेखों और विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने सबसे पहले तहसील खतौली पहुंचकर तहसील परिसर, रजिस्टरों और विभिन्न पत्रावलियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संपूर्ण समाधान दिवस रजिस्टर, राजस्व वसूली रजिस्टर, वाद रजिस्टर, दाखिल-खारिज अभिलेख, गार्ड फाइल तथा कर्मचारियों की जीपीएफ और सेवा पुस्तिका की जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि तीन वर्ष से अधिक पुराने राजस्व वादों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाए तथा कार्यालय में किसी भी प्रकार की पत्रावली लंबित न रखी जाए।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने रिकॉर्ड रूम में रखे अभिलेखों की व्यवस्था भी देखी और उन्हें परगनावार सुव्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। साथ ही जनसामान्य से प्राप्त शिकायतों का नियमानुसार समाधान करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
इसके बाद मंडलायुक्त ने विकासखंड खतौली कार्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था, आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण, जल जीवन मिशन, लघु सिंचाई, लेखा पटल और अन्य विकास कार्यों की समीक्षा की। मनरेगा की प्रगति अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए लक्ष्य के अनुरूप मानव दिवस सृजन करने और सभी विकास योजनाओं को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए।
इससे पूर्व मंडलायुक्त को पुलिस की टुकड़ी द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी खतौली निकिता शर्मा, तहसीलदार अरविंद कुमार, खंड विकास अधिकारी ज्योति चावला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मंडलायुक्त का खतौली में सख्त संदेश: तीन साल से लंबित राजस्व वाद तुरंत निपटाएं, फाइलें न रहें पेंडिंग
