मुजफ्फरनगर। शहर के रेलवे स्टेशन क्षेत्र में शनिवार को पार्किंग को लेकर हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया, जब एक ऑनलाइन ग्रॉसरी कंपनी के डिलीवरी बॉय के साथ कथित मारपीट की घटना सामने आई। घटना के विरोध में बड़ी संख्या में डिलीवरी राइडर्स एकत्र हो गए और काम बंद कर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे शहर में कई घंटों तक ऑनलाइन डिलीवरी सेवाएं प्रभावित रहीं।
जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन के सामने स्थित एक निजी कॉम्प्लेक्स में संचालित ब्लिंकिट डार्क स्टोर से जुड़े डिलीवरी पार्टनर अपनी मोटरसाइकिल खड़ी कर ऑर्डर लेने पहुंचे थे। इसी दौरान भवन से जुड़े कुछ लोगों ने पार्किंग को लेकर आपत्ति जताई। बताया जाता है कि कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और एक डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट कर दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहे करीब 300 से अधिक डिलीवरी राइडर्स मौके पर पहुंच गए और विरोध जताते हुए काम बंद कर दिया। राइडर्स का आरोप था कि उन्हें सुरक्षित पार्किंग की सुविधा नहीं मिलती और आए दिन स्थानीय लोगों से विवाद की स्थिति बनती रहती है।
सूचना पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि यदि किसी पक्ष की ओर से तहरीर दी जाती है तो मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
