मुजफ्फरनगर। जनपद में कथित हनी ट्रैप के जरिए लोगों को फंसाकर दबाव बनाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला और गांव रथेड़ी के पूर्व प्रधान सहित कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। शिकायत मिलने के बाद नई मंडी कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार नई मंडी थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि कुछ लोग सुनियोजित तरीके से महिला के माध्यम से उसे फंसाने की कोशिश कर रहे थे। इसके बाद उसे बदनाम करने की धमकी देकर पैसे की मांग की गई। पीड़ित ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को देते हुए कार्रवाई की मांग की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच के बाद गांव रथेड़ी निवासी पूर्व प्रधान रियासत, एक नामजद महिला तथा कुछ अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस का मानना है कि यह मामला लोगों को जाल में फंसाकर उनसे दबाव में पैसे वसूलने की कोशिश से जुड़ा हो सकता है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मामले की गहन जांच के निर्देश दिए हैं। नई मंडी कोतवाली पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है और मोबाइल कॉल व अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group