अमरोहा। जनपद के नौगांवा सादात थाना क्षेत्र के गांव याहियापुर में पांच वर्षीय मासूम छात्र के अपहरण की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। बदमाशों ने बच्चे को घर के बाहर से उठाकर ले जाने के बाद परिजनों को फोन कर 12 लाख रुपये की फिरौती मांगी है। सूचना मिलने पर पुलिस ने कई टीमें बनाकर बच्चे की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव याहियापुर निवासी अवनीश कुमार का पांच वर्षीय बेटा बिवान उर्फ शानू एक निजी स्कूल में एलकेजी का छात्र है। वह अपने दादा हरपाल सिंह के साथ खेत पर गया था। कुछ देर बाद वह अपने दूसरे दादा जयपाल सिंह की बैलगाड़ी से घर वापस आ गया। घर पहुंचने के बाद बच्चा बाहर खेल रहा था, तभी अचानक वह लापता हो गया।
काफी देर तक बच्चा दिखाई नहीं देने पर परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसी बीच परिजनों के मोबाइल फोन पर अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया, जिसमें बच्चे को छोड़ने के बदले 12 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। फोन आने के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद और क्षेत्राधिकारी अभिषेक यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एसओजी, सर्विलांस और आसपास के थानों की टीमों को सक्रिय कर दिया है। संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है और मोबाइल कॉल की लोकेशन के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
