मुजफ्फरनगर। क्षेत्र के गांव पमनावली में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन का तार अचानक टूटकर एक मकान की छत पर गिर पड़ा। तार गिरते ही तेज चिंगारियां उठीं और घर में आग लग गई। आग की चपेट में आकर घर में रखा कंप्यूटर, इन्वर्टर और अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया।
ग्रामीणों के अनुसार हादसा गांव निवासी डॉ. समय सिंह के मकान पर हुआ। अचानक तेज आवाज के साथ बिजली का तार गिरा तो आसपास के लोग घबरा गए और तुरंत बिजली आपूर्ति बंद कराने के लिए विभाग को सूचना दी गई। आग की वजह से घर में रखा कीमती सामान जल गया। वहीं आंगन में बंधी एक बछिया भी झुलसकर घायल हो गई।
घटना के बाद गांव के कई लोग एकत्र हो गए और बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीण नरेश, विजेंद्र, सुख सिंह, विनोद, पिंटू, मनोज और विकास समेत अन्य लोगों ने तहसील पहुंचकर एसडीएम निकिता शर्मा को शिकायत पत्र सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कई मकानों के ऊपर से 11 हजार वोल्ट की लाइन गुजर रही है, जिससे हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में करीब एक दर्जन बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर लगे हैं, जिनके कारण लोगों को लगातार परेशानी उठानी पड़ रही है। मामले में बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता देवेंद्र कुमार ने बताया कि लाइन काफी पुरानी है और शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
