मुजफ्फरनगर। विकास खंड मोरना की ग्राम पंचायत शुक्रताल में जल अर्पण दिवस कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और जनभागीदारी के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम के दौरान “पेयजल का समाधान, मेरे गांव की नई पहचान” थीम के अंतर्गत गांव में जल बचाओ, कल बचाओ संदेश के साथ प्रभात फेरी निकाली गई। इसके साथ ही जल बंधन, जल वंदना, जल संकल्प और वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
वक्ताओं ने कहा कि जल ही जीवन का आधार है और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। ग्रामीणों को जल संरक्षण के उपाय अपनाने और पानी के अनावश्यक उपयोग से बचने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ वीरपाल निर्वाल , मीरापुर विधानसभा के विधायक प्रतिनिधि, अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण), जिला समन्वयक डीपीएमयू, डीपीएम टीपीआई, सहायक अभियंता, जूनियर इंजीनियर, कार्यदायी संस्था के परियोजना प्रबंधक सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
