मुजफ्फरनगर, 10 मार्च 26। जिले में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की प्रगति को लेकर विकास भवन सभागार में मंगलवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी ने की, जिसमें विभिन्न बैंकों द्वारा योजना के तहत कम ऋण स्वीकृति पर नाराजगी जताई गई।
समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं को धरातल पर उतारने में बैंकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है, लेकिन कई बैंक इस दिशा में अपेक्षित सहयोग नहीं दे रहे हैं। उन्होंने एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, इंडियन बैंक, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक तथा बैंक ऑफ इंडिया की शाखाओं के उदासीन रवैये पर कड़ी आपत्ति जताते हुए शाखा प्रबंधकों को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाने की चेतावनी दी।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि पात्र युवाओं को योजना के तहत ऋण उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन बैंकों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं पाया जाएगा, उनके खिलाफ उच्च स्तर पर रिपोर्ट भेजी जाएगी।
बैठक में यह भी तय किया गया कि आगामी 18 मार्च को आयोजित होने वाले ऋण वितरण शिविर के लिए सभी बैंकों को लक्ष्य निर्धारित कर दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिल सकें। अधिकारियों ने बैंकों को निर्देश दिया कि शिविर से पूर्व सभी लंबित आवेदनों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त उद्योग आशीष कुमार, अग्रणी जिला प्रबंधक अनिल कुमार सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि एवं जिला समन्वयक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group