मुजफ्फरनगर। शराब तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए नया तरीका अपनाया, लेकिन उनकी चालाकी काम नहीं आई। चंडीगढ़ से अंग्रेजी शराब की खेप पेटीसाइड के कार्टूनों के बीच छिपाकर बिहार ले जा रहे तस्करों के मंसूबों पर पुलिस ने पानी फेर दिया। छपार क्षेत्र में पुलिस, एसओजी और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने एक ट्रक की तलाशी लेकर 290 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चंडीगढ़ से पेटीसाइड के कार्टून लेकर बिहार जा रहे एक ट्रक में शराब की बड़ी खेप छिपाई गई है। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम सक्रिय हो गई और बड़ेडी कट के पास एक होटल के सामने खड़े संदिग्ध ट्रक की घेराबंदी कर ली। ट्रक में दो व्यक्ति सवार मिले, जिन्हें हिरासत में लेकर तलाशी ली गई।शुरुआत में ट्रक में पेटीसाइड के कार्टून रखे दिखाई दिए, लेकिन पुलिस ने जब कार्टून हटाकर अंदर जांच की तो उनके बीच छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब की पेटियां बरामद हुईं। ट्रक से 750 एमएल की 50, 375 एमएल की 140 और 180 एमएल की 100 पेटी समेत कुल 290 पेटी शराब मिली। बरामद शराब की कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने विभिन्न कंपनियों के 625 कार्टून पेटीसाइड और यूपी नंबर का ट्रक भी कब्जे में लिया। पूछताछ में सामने आया कि शराब चंडीगढ़ से खरीदी गई थी और इसे बिहार पहुंचाने की तैयारी थी। शराबबंदी वाले बिहार में इसकी आपूर्ति कर मोटा मुनाफा कमाने की योजना थी।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप चौधरी निवासी छपरा, बिहार और साहिल निवासी हिमाचल प्रदेश के रूप में की है। दोनों के खिलाफ छपार थाने में मुकदमा अपराध संख्या 246/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब तस्करी के नेटवर्क और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।इस कार्रवाई में छपार थाना पुलिस, एसओजी और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।