मुजफ्फरनगर, 2 अप्रैल 2026। श्री बालाजी जन्मोत्सव के अवसर पर मुजफ्फरनगर शहर में विशाल और भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ नई मंडी क्षेत्र की भारतीय कॉलोनी स्थित श्री बालाजी धाम मंदिर से विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ किया गया। शोभायात्रा के शुभारंभ अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, जिलाधिकारी उमेश कुमार मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा मौजूद रहे, जिन्होंने आरती कर और फीता काटकर शोभायात्रा को रवाना किया।
शोभायात्रा में भगवान बालाजी महाराज की प्रतिमा को विशेष सुसज्जित रथ पर नगर भ्रमण के लिए निकाला गया। शोभायात्रा में करीब दो किलोमीटर लंबा काफिला शामिल रहा, जिसमें लगभग 150 बैंड, आकर्षक धार्मिक झांकियां, भजन मंडलियां, दर्जनों डीजे और सेवा शिविर शामिल रहे। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया और कई स्थानों पर जलपान व भंडारे की व्यवस्था भी की गई।
नई मंडी स्थित बालाजी धाम मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। दूर-दराज के जिलों और अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मुजफ्फरनगर पहुंचे और शोभायात्रा में शामिल होकर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे शहर में जय श्री राम और जय बालाजी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
शोभायात्रा को लेकर प्रशासन और मंदिर समिति द्वारा सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। शहर के मुख्य मार्गों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। जिलाधिकारी उमेश कुमार मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा स्वयं सड़क पर उतरकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते नजर आए और कई स्थानों पर उन्होंने यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली। शोभायात्रा की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जा रही है और ट्रैफिक व्यवस्था के लिए कई स्थानों पर डायवर्जन लागू किया गया है।
यह शोभायात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरती है और देर रात तक नगर भ्रमण चलता रहता है। मंदिर समिति के अनुसार यह आयोजन कांवड़ यात्रा के बाद क्षेत्र के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में शामिल है, जिसमें हर वर्ष लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं।
श्री बालाजी जन्मोत्सव के अवसर पर निकली इस भव्य शोभायात्रा ने पूरे मुजफ्फरनगर को धार्मिक उत्साह और भक्ति के माहौल में रंग दिया।
