मुजफ्फरनगर। जनपद में नशा मुक्त समाज की दिशा में मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत पुलिस ने तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान सिविल लाइन थाना पुलिस ने स्मैक तस्करी में लिप्त सौरभ मुंडा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग ₹60,000 मूल्य की स्मैक, नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी सौरभ मुंडा, निवासी रामलीला टीला, मुजफ्फरनगर, लंबे समय से नशे की तस्करी में सक्रिय था। चेकिंग अभियान के दौरान उसे पकड़ा गया, हालांकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
इसी क्रम में फुगाना थाना पुलिस ने भी बड़ी सफलता हासिल करते हुए बिजनंद उर्फ बॉबी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से करीब 18 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है। दोनों मामलों में पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत मुकदमे दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ‘ऑपरेशन सवेरा’ का उद्देश्य जनपद में नशे की आपूर्ति श्रृंखला को पूरी तरह तोड़ना है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि कहीं नशा तस्करी से जुड़ी गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
