जनपद शामली । अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए Muzaffarnagar Development Authority ने कैराना कस्बे में व्यापक स्तर पर ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। यह कार्रवाई उपाध्यक्ष कविता मीना के निर्देशन और सहारनपुर मंडलायुक्त के स्पष्ट निर्देशों के अनुपालन में की गई, जिसमें लगभग 55 बीघा भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।
अभियान की शुरुआत कस्बा कैराना के बाहर स्थित हदूद-3 क्षेत्र से की गई, जहां मजीद पुत्र अब्दुल रहीम की लगभग 15 बीघा कृषि भूमि पर बिना किसी वैधानिक अनुमति के प्लॉट काटे जा रहे थे। बुलडोजर की सहायता से सड़कों, सीमांकन और अन्य अस्थायी निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
इसके बाद प्राधिकरण की टीम तीतरवाड़ा रोड, कैराना पहुंची, जहां सुभाष कुमार, अय्यूब व महताब की संयुक्त भूमि पर लगभग 40 बीघा क्षेत्रफल में अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। यहां भी पूरी प्लॉटिंग को हटाकर भूमि को मुक्त करा लिया गया।
कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण के सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन टीम तथा पुलिस बल मौजूद रहा, जिससे कानून-व्यवस्था बनी रही। प्राधिकरण अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि भूमि या प्लॉट खरीदने से पहले उसकी वैधानिक स्वीकृति अवश्य जांच लें। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में भी अवैध प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ इसी प्रकार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।