मुजफ्फरनगर | 12 जनवरी 2026
जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मखियाली में सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने अचानक पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई और स्टाफ उपस्थिति में गंभीर खामियां सामने आने पर सीएमओ ने सख्त नाराजगी जताते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय महिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. सदफ नासिर, स्टाफ नर्स ममतेश, एसटीएलएस दीपक तोमर तथा लैब टेक्नीशियन मोनू ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। इस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी संबंधित कर्मियों से तीन दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण तलब किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तय समय में संतोषजनक जवाब न मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ के निरीक्षण में ऑपरेशन थिएटर, शौचालय, दवा भंडारण कक्ष और कोल्ड चेन क्षेत्र में गंदगी व अव्यवस्था पाई गई। अस्पताल परिसर की खराब स्वच्छता व्यवस्था को लेकर उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक को कड़ी चेतावनी दी और कहा कि मरीजों के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
डॉ. तेवतिया ने निर्देश दिए कि अस्पताल की संपूर्ण साफ-सफाई तत्काल कराई जाए, ओटी व शौचालयों की नियमित निगरानी हो तथा स्टाफ की उपस्थिति हर हाल में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आम जनता की जीवन रेखा हैं और यहां लापरवाही करने वालों के खिलाफ आगे और कठोर कदम उठाए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्व ईमानदारी व अनुशासन के साथ निभाने के निर्देश दिए गए, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं मिल सके



