प्रेमिका से मिलने पहुंचा युवक, परिजनों ने बैठाकर करा दी शादी
मुजफ्फरनगर जनपद के नई मंडी थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार सुबह उस समय अजीबोगरीब हालात बन गए, जब एक युवक प्यार के चक्कर में सीधे शादी के बंधन में बंध गया। चरथावल थाना के एक गांव निवासी सावन रविवार तड़के करीब चार बजे अपनी प्रेमिका बुलबुल से मिलने उसके घर पहुंच गया।
सुबह-सुबह युवक को घर में देख लड़की के परिजनों के होश उड़ गए। बिना कोई हंगामा किए परिजनों ने युवक को पकड़कर एक कमरे में बैठा लिया और तुरंत मामले की जानकारी उसके परिजनों को दे दी। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोग मौके पर पहुंच गए।
गांव के बुजुर्गों और रिश्तेदारों के बीच बातचीत हुई तो फैसला निकला—जब दोनों एक-दूसरे से इतना प्यार करते हैं, तो रिश्ते को नाम दे ही दिया जाए। इसके बाद गांव में ही सादे माहौल में सात फेरे कराए गए।
सुबह जो युवक चोरी-छिपे मिलने आया था, वह शाम होते-होते दूल्हा बन गया। शादी के बाद बुलबुल को विधिवत विदा कर सावन के साथ भेज दिया गया। गांव में यह अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी रही और लोग कहते दिखे—प्यार किया है तो निभाना ही पड़ेगा।
