लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक साधारण वेतन पाने वाले पुलिसकर्मी की आलीशान जीवनशैली ने प्रशासनिक महकमे में खलबली मचा दी है। उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात रहे आलोक प्रताप सिंह की करोड़ों रुपये की कोठी सामने आने के बाद आय से अधिक संपत्ति का मामला उजागर हुआ है।
जानकारी के अनुसार, आलोक प्रताप सिंह की मासिक आय लगभग ₹40 हजार थी, लेकिन इसके बावजूद उसने लखनऊ की पॉश कॉलोनी सुषांत गोल्फ सिटी में एक भव्य कोठी खड़ी कर ली। जब जांच एजेंसियां मौके पर पहुंचीं तो कोठी के भीतर महंगे इंटीरियर, विदेशी फर्नीचर, लग्जरी साज-सज्जा और अत्याधुनिक सुविधाएं देख अधिकारी भी हैरान रह गए।
सूत्रों के मुताबिक, आलोक प्रताप सिंह का नाम कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी से जुड़े एक बड़े नेटवर्क में सामने आया है। इसी मामले में एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया था। इसके बाद जब उसकी आर्थिक स्थिति और संपत्तियों की जांच शुरू हुई, तो आय और संपत्ति के बीच भारी अंतर पाया गया।
प्रारंभिक आकलन में कोठी और अन्य संपत्तियों की कीमत कई करोड़ रुपये बताई जा रही है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और प्रवर्तन एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि अवैध कमाई कहां-कहां निवेश की गई है।
यह मामला एक बार फिर सरकारी तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार और अवैध कमाई पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group