मुजफ्फरनगर जनपद के सदर ब्लॉक अंतर्गत गांव रथेड़ी में संचालित सरकारी राशन की दुकान एक बार फिर विवादों में घिर गई है। ग्रामीणों द्वारा लगाए गए अनियमितताओं के गंभीर आरोपों के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है और प्रशासनिक जांच की मांग तेज हो गई है।
ग्रामीणों के मुताबिक, राशन वितरण में लंबे समय से गड़बड़ी की शिकायतें सामने आ रही थीं। इसी को लेकर शिकायतकर्ता अमन बंसल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान दुकान पर मौजूद व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठे और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
जांच के दौरान दुकान पर एक से अधिक तौल मशीन (कांटे) पाए जाने से ग्रामीणों का संदेह और गहरा गया। लोगों का आरोप है कि राशन का पूरा स्टॉक मौजूद होने के बावजूद कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न नहीं दिया जा रहा था। साथ ही वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव साफ तौर पर दिखाई दिया।
वहीं राशन डीलर अनिल कुमार ने आरोपों को नकारते हुए कहा कि अतिरिक्त कांटा केवल सही वजन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रखा गया था। उन्होंने यह भी दावा किया कि अलमारी में मिला दूसरा कांटा निजी उपयोग के लिए था। हालांकि ग्रामीण इस सफाई से संतुष्ट नजर नहीं आए।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरकारी राशन की कालाबाजारी की जा रही है और शिकायत करने पर दबाव बनाने की कोशिश की जाती है, जिससे आम लोग खुलकर सामने नहीं आ पाते। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात कही जा रही है।
मामले की सूचना संबंधित विभाग को दे दी गई है और जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा जांच का आश्वासन दिया गया है। फिलहाल कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।
इस बीच यह भी सामने आया कि दुकान पर अनिवार्य सूचना पट्ट और वितरण संबंधी विवरण प्रदर्शित नहीं किए गए थे, जो नियमों का उल्लंघन है। उधर, राशन डीलर द्वारा जल्द ही पद छोड़ने की बात भी कही जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group