मुजफ्फरनगर, 15 अप्रैल 2026। जनपद स्तर पर किसानों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को आयोजित होने वाले किसान दिवस के तहत जिला पंचायत सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) श्री संजय कुमार सिंह ने की, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों और बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान किसानों को पिछले किसान दिवस में दर्ज कराई गई शिकायतों के निस्तारण की प्रगति से अवगत कराया गया। साथ ही कृषि विभाग एवं उससे जुड़े अन्य विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी किसानों को दी गई, ताकि वे इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठा सकें।
किसानों ने बैठक में मुख्य रूप से गन्ना भुगतान में हो रही देरी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इस पर जिला गन्ना अधिकारी ने आश्वासन दिया कि बकाया भुगतान जल्द कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने किसानों को गन्ने की नई उन्नत प्रजातियों की बुवाई के बारे में भी जानकारी दी, जिससे उत्पादन बढ़ाया जा सके।
ग्राम पिनना निवासी किसान सुमित मलिक ने पेपर मिलों से हो रहे प्रदूषण और कचरा जलाने की समस्या को उठाते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की। इस पर अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की रिपोर्ट जन शिकायत मोबाइल ऐप पर अपलोड करें तथा उसकी हार्ड कॉपी उप कृषि निदेशक कार्यालय में उपलब्ध कराएं। साथ ही आगामी किसान समाधान दिवस में सभी संबंधित अधिकारियों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में किसानों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए किसान दिवस का समापन किया
