मुजफ्फरनगर। खतौली-मीरापुर मार्ग पर गांव गंगधाड़ी के निकट दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार पांच लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने घायलों को उपचार के लिए खतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।जानकारी के अनुसार मीरापुर निवासी विपिन पुत्र राजेंद्र अपनी पत्नी पिंकी के साथ बाइक पर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक पर बिजनौर निवासी बिजेंद्र, आदित्य और अभिषेक पुत्र महकराम सवार थे।टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों पर सवार सभी लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सीएचसी खतौली भिजवाया। चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। बिजेंद्र और विपिन की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं आदित्य, अभिषेक और पिंकी का उपचार सीएचसी खतौली में किया गया।