मुजफ्फरनगर(मोरना)। भोपा थाना क्षेत्र के गांव किशनपुर में शनिवार दोपहर सर्पदंश से एक भैंस की मौत हो गई। भैंस की मौत से मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करने वाले पशुपालक को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।किशनपुर निवासी महेराज पुत्र मुस्तफा ने बताया कि शनिवार दोपहर उसकी बहन शहनाज ने भैंस के आगे सांप होने की जानकारी दी। वह सांप को हटाने के लिए मौके पर पहुंचा, तभी सांप ने भैंस को काट लिया। सर्पदंश के कुछ ही देर बाद भैंस की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।महेराज ने बताया कि वह मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करता है। पशुपालन भी परिवार की आय का प्रमुख साधन है। भैंस की मौत से परिवार को बड़ा आर्थिक झटका लगा है और अब उसके सामने रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने का संकट खड़ा हो गया है।भैंस की मौत के बाद महेराज की पत्नी परवीना और बच्चों शाद, आएद व सदिया का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण भी पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और उन्हें ढांढस बंधाया।ग्रामीण फखरुद्दीन, वासीद, फिरोज, सलमान, जाबिद, राशिद और साकिब आदि ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए भैंस की मौत पर उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।