मुजफ्फरनगर। लगातार हो रही बारिश के बीच चरथावल क्षेत्र के गांव पावटी खुर्द में एक कच्चे मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय परिवार के सदस्य मकान के अंदर मौजूद थे, लेकिन समय रहते बाहर निकल जाने के कारण बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।गांव पावटी खुर्द निवासी अब्दुल के पुत्र तस्लीम अपनी पत्नी खातून और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ कच्चे मकान में रह रहे हैं। बारिश के कारण मकान की छत में नमी आ गई थी और वह कमजोर हो गई थी। अचानक छत का एक हिस्सा भरभराकर नीचे आ गिरा। छत गिरने से मकान के अंदर रखा घरेलू सामान मलबे में दब गया।हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिवार की मदद से मलबा हटाकर सामान बाहर निकाला। छत गिरने से चारपाई, साइकिल, बर्तन, राशन सहित अन्य घरेलू सामान क्षतिग्रस्त हो गया। परिवार के सामने मकान की मरम्मत कराने और सुरक्षित आशियाने की समस्या खड़ी हो गई है।घटना की जानकारी मिलने पर जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी एवं आजाद समाज पार्टी के नेता मोनू त्यागी पावटी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर नुकसान की जानकारी ली और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने प्रशासन से बारिश के कारण हुए नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।पीड़ित तस्लीम और उनकी पत्नी खातून ने भी प्रशासन से मकान और घरेलू सामान को हुए नुकसान का आकलन कराकर आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।