मुजफ्फरनगर। रक्षाबंधन के पर्व पर मायके जा रहे एक परिवार की खुशियां रास्ते में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मातम में बदल गईं। पानीपत-खटीमा हाईवे पर कवाल गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि उनके माता-पिता और बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।रामराज क्षेत्र के गांव पुट्ठी इब्राहिमपुर निवासी कुलदीप पुत्र कंवरपाल अपनी पत्नी राखी और तीन बच्चों के साथ मोटरसाइकिल से नई मंडी थाना क्षेत्र के गांव अलमासपुर स्थित ससुराल जा रहे थे। राखी को रक्षाबंधन पर अपने भाई को राखी बांधनी थी। बाइक पर आठ वर्षीय बेटा कुलबीर, चार वर्षीय बेटा अभी और तीन वर्षीय बेटी दीपिका भी सवार थे।बताया गया कि परिवार कवाल गांव के पास पानीपत-खटीमा हाईवे पर पहुंचा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए एक वाहन से बचने के प्रयास में कुलदीप बाइक पर नियंत्रण खो बैठे। अनियंत्रित बाइक सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सभी लोग सड़क पर जा गिरे।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने घायलों की मदद करते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने चार वर्षीय अभी और तीन वर्षीय दीपिका को मृत घोषित कर दिया।हादसे में कुलदीप, उनकी पत्नी राखी और आठ वर्षीय कुलबीर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। हादसे की सूचना गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदल गईं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।पुलिस ने दोनों बच्चों के शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। तेज रफ्तार वाहन की भी जानकारी जुटाई जा रही है।