मुजफ्फरनगर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने सदर ब्लॉक के परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण कर शिक्षण व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन, साफ-सफाई और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकांश विद्यालयों की भौतिक एवं शैक्षिक स्थिति संतोषजनक मिली। जहां कमियां मिलीं, वहां संबंधित शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों को आवश्यक निर्देश दिए गए।उच्च प्राथमिक विद्यालय मखियाली में 478 पंजीकृत विद्यार्थियों के सापेक्ष 345 छात्र-छात्राएं उपस्थित मिले। सीमा गर्ग, किरन सिंह और पूजा गाबा आकस्मिक अवकाश पर, जागृति बाल्य देखभाल अवकाश तथा मीनाक्षी शिक्षामित्र अवैतनिक अवकाश पर मिलीं। अन्य स्टाफ उपस्थित था। विद्यालय में शौचालय, हैंडपंप और सबमर्सिबल चालू मिले। अधिकांश बच्चे यूनिफॉर्म में थे और निर्धारित मेन्यू के अनुसार मध्यान्ह भोजन तैयार किया जा रहा था। विद्यालय की शैक्षिक और भौतिक स्थिति संतोषजनक पाई गई।प्राथमिक विद्यालय चांदपुर-2 में 55 बच्चों में से 25 छात्र-छात्राएं उपस्थित मिले। सहायक अध्यापिका संगीता त्यागी आकस्मिक अवकाश पर थीं। विद्यालय में निपुण लक्ष्य की तालिका कक्षाओं में लगाने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण में टेबलेट का उपयोग विद्यार्थियों की उपस्थिति और 13 रजिस्टरों को अपलोड करने जैसे कार्यों में नहीं किए जाने की बात सामने आई। इस मामले में प्रधानाध्यापक के विरुद्ध अलग से कार्रवाई की जा रही है। विद्यालय में मध्यान्ह भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुसार बन रहा था और शौचालय, हैंडपंप व सबमर्सिबल क्रियाशील मिले।उच्च प्राथमिक विद्यालय चांदपुर में सभी कर्मचारी उपस्थित मिले। यहां 103 नामांकित बच्चों में से 73 छात्र-छात्राएं विद्यालय पहुंचे थे। विद्यालय की स्थिति संतोषजनक मिली। बीएसए ने कक्षाओं में निपुण लक्ष्य की तालिका लगाने तथा शौचालय और परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। मध्यान्ह भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुसार तैयार हो रहा था और कन्वर्जन कास्ट व खाद्यान्न पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध मिला।प्राथमिक विद्यालय हरीनगर में सहायक अध्यापिका शिप्रा भारती चिकित्सा अवकाश पर मिलीं। 106 पंजीकृत बच्चों में से 46 उपस्थित थे। प्रधानाध्यापिका ने कम उपस्थिति का कारण रक्षाबंधन पर्व पर कुछ बच्चों के बाहर जाने को बताया। विद्यालय में पेयजल और शौचालय की व्यवस्था चालू मिली। अधिकांश बच्चे यूनिफॉर्म में थे तथा मध्यान्ह भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुसार तैयार किया जा रहा था। विद्यालय की भौतिक एवं शैक्षिक स्थिति संतोषजनक पाई गई।प्राथमिक विद्यालय रुस्तमगढ़, मजरा कुकड़ा में रूपाली सहायक अध्यापक आकस्मिक अवकाश तथा प्रीति सहायक अध्यापक चिकित्सा अवकाश पर मिलीं। अन्य स्टाफ उपस्थित था। विद्यालय में 152 बच्चों के सापेक्ष 55 छात्र-छात्राएं उपस्थित मिले। कम उपस्थिति का कारण भी रक्षाबंधन पर्व पर कुछ बच्चों का बाहर जाना बताया गया। विद्यालय की भौतिक एवं शैक्षिक गुणवत्ता संतोषजनक मिली। बच्चे आंशिक रूप से यूनिफॉर्म में थे और मध्यान्ह भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुसार बनाया जा रहा था। शौचालय, हैंडपंप और सबमर्सिबल भी क्रियाशील मिले।