मुजफ्फरनगर : जानसठ पीडब्ल्यूडी डाक बंगले में रविवार को रालोद विधायक मदन भैया ने जनसुनवाई कर ग्रामीणों और किसानों की समस्याएं सुनीं। क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। किसी ने बिजली और पेयजल की समस्या बताई तो किसी ने जर्जर सड़कों और राशन से जुड़ी परेशानी सामने रखी। किसानों ने गन्ने के बकाया भुगतान और नहरों में पर्याप्त पानी नहीं मिलने का मुद्दा उठाया।विधायक ने एक-एक कर लोगों की शिकायतें सुनीं। कई मामलों में उन्होंने मौके से ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर बातचीत की और समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं और पेंशन का लाभ दिलाने के लिए भी अधिकारियों से कार्रवाई करने को कहा।जनसुनवाई में किसानों ने बताया कि नहरों में पर्याप्त पानी नहीं आने से सिंचाई प्रभावित हो रही है। गन्ने का भुगतान समय से नहीं मिलने के कारण भी किसानों को आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विधायक ने संबंधित अधिकारियों से दोनों समस्याओं पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने को कहा।इससे पहले डाक बंगले पहुंचने पर रालोद कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने विधायक का फूल-मालाओं से स्वागत किया। विधायक ने कार्यकर्ताओं से क्षेत्र की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।जनसुनवाई के बाद विधायक ने जानसठ क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गांवों का भ्रमण किया। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान कुछ शोकाकुल परिवारों के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। वहीं विभिन्न मांगलिक और अन्य कार्यक्रमों में शामिल होकर लोगों से संवाद भी किया।इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. आबिद हुसैन, प्रदेश संगठन मंत्री अजीत राठी, प्रदेश सचिव अशोक बालियान, मनोज कसाना, अमित पवार और सुमित चपराना सहित बड़ी संख्या में रालोद कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद रहे।