मुजफ्फरनगर। बुढाना में भारत सिनेमा मार्केट में मोबाइल दुकानदार के भाई के साथ गाली-गलौज के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कई लोगों ने युवक को घेर लिया और लात-घूंसों से पीटने के साथ ही जमीन पर पटक-पटककर घायल कर दिया। पीड़ित के भाई की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद और दो-तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।कस्बे के भारत सिनेमा मार्केट में आकृति मोबाइल के संचालक के भाई उदित सैनी तीन सितंबर की रात करीब दस बजे दुकान बंद करने के बाद एक कन्फेक्शनरी की दुकान पर सामान लेने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद अंकित से उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि अंकित ने उदित के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मामला बढ़ गया और अंकित ने अपने साथियों राकेश पाल, कल्लू और विकास के साथ मिलकर उदित को घेर लिया।पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने उदित के साथ मारपीट की और उसे जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा। आरोप है कि उसके हाथ-पैर पकड़कर उसे कई बार जमीन पर पटका गया। मारपीट में उदित के सिर, छाती और कान समेत शरीर के कई हिस्सों में चोट आईं। घटना के बाद परिजन घायल को लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी।पीड़ित के भाई आकाश सैनी की तहरीर के आधार पर बुढ़ाना पुलिस ने अंकित, राकेश पाल, कल्लू और विकास को नामजद करते हुए दो-तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।