मुजफ्फरनगर। जिला रेडक्रॉस सोसायटी की आम सभा सोमवार को विकास भवन के सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में हुई। बैठक का संचालन रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन डा. अशोक अरोरा ने किया। बैठक में सोसायटी की गतिविधियों, आय-व्यय, चुनाव प्रक्रिया और आगामी योजनाओं पर चर्चा की गई।जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने घोषणा की कि रेडक्रॉस सोसायटी की चुनाव प्रक्रिया के लिए तहसीलदार सदर को नोडल अधिकारी बनाया जाएगा। उन्होंने रेडक्रॉस भवन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि अगली बैठक रेडक्रॉस भवन में ही आयोजित की जाएगी।उन्होंने सोसायटी की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने और फिजियोथेरेपी सेवा में सुधार करने पर भी जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य मुख्यालय से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार ही रेडक्रॉस सोसायटी का चुनाव कराया जाएगा।बैठक में चेयरमैन डा. अशोक अरोरा ने बताया कि सोसायटी के पास ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध हैं। इसके अलावा राज्य मुख्यालय से मल्टीपर्पज मोबाइल टेस्टिंग लैब की स्वीकृति मिल चुकी है। यह लैब जल्द ही जिले में पहुंचने की उम्मीद है। इससे विभिन्न स्थानों पर जांच संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।आम सभा में स्कूल और कालेजों में आयोजित होने वाले मैजिक शो में रेडक्रॉस के नाम के कथित दुरुपयोग का मुद्दा भी उठा। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी को आवश्यक निर्देश देने की बात कही गई।डा. अशोक अरोरा ने कहा कि जिले के सभी स्कूलों में रेडक्रॉस सोसायटी का गठन किया जाना है। उन्होंने पिछले तीन वर्षों के कार्यकाल में सोसायटी की ओर से किए गए कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी भी सदस्यों के सामने रखी। उन्होंने बताया कि विभिन्न कार्यक्रम जनसहयोग और प्रशासनिक अधिकारियों की अध्यक्षता में आयोजित किए गए तथा उनका व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार भी किया गया।बैठक में सोसायटी के तीन वर्षों के आय-व्यय का लेखा-जोखा भी प्रस्तुत किया गया, जिसे सदस्यों ने ध्वनिमत से मंजूरी दे दी। चेयरमैन ने बताया कि आजीवन सदस्यों की सूची को अपडेट किया जा रहा है। सभी सदस्यों को प्रमाण पत्र और पहचान पत्र उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की जाएगी।बैठक में जिला पंचायत प्रशासक डा. वीरपाल निर्वाल, मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर कंडारकर, सीएमओ डा. सुनील तेवतिया, एसीएमओ डा. दिव्या वर्मा, पूर्व चेयरमैन डा. सुभाषचंद शर्मा, डा. गीतांजलि वर्मा, नीलकमल पुरी, गौहर सिद्दीकी, पुनीत अग्रवाल और व्यापारी नेता कृष्णगोपाल मित्तल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group