पीड़िता को सुरक्षा, 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग
मुजफ्फरनगर (नव जागरण पोस्ट)। छपरा गांव में जन्माष्टमी के दिन राधा का रूप धारण करने वाली नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म के आरोपों को लेकर राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन ने कड़ा आक्रोश जताया। संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजकर मामले में आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा देने के साथ ही आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।ज्ञापन राष्ट्रीय अध्यक्ष महिला सरिता शर्मा अरोड़ा के नेतृत्व में सौंपा गया। इसमें कहा गया कि नाबालिग के साथ हुई घटना गंभीर है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए पुलिस एवं प्रशासन को प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए। संगठन ने आरोपितों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई किए जाने की मांग की।
पीड़िता को शहर में सरकारी आवास देने की मांग
संगठन ने कहा कि पीड़िता और उसके परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। सुरक्षा की दृष्टि से पीड़ित परिवार को मुजफ्फरनगर शहर में सरकारी आवास उपलब्ध कराने की मांग की गई, ताकि परिवार बिना भय के रह सके। इसके साथ ही पीड़िता और उसके परिजनों को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई।
अवैध संपत्ति मिलने पर कार्रवाई की मांग
ज्ञापन में आरोपितों के मकान और संपत्तियों की जांच कराने की मांग की गई। संगठन ने कहा कि जांच में यदि किसी संपत्ति या निर्माण के अवैध होने की पुष्टि होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही आरोपितों और उनके परिजनों के बैंक खातों तथा संपत्तियों की जांच कराने की मांग की गई। संगठन ने उनके संभावित विदेशी संपर्कों की भी जांच कराने की मांग रखी।
फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग
संगठन ने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने और अभियोजन पक्ष की ओर से प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि मुकदमे की सुनवाई में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और दोष सिद्ध होने पर आरोपितों को कानून के तहत कठोर सजा दिलाई जानी चाहिए।ज्ञापन में मुख्यमंत्री के अलावा कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, स्वतंत्र प्रभार मंत्री कपिल देव अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भी मामले में आवश्यक कार्रवाई के लिए अवगत कराया गया।इस दौरान राष्ट्रीय संयोजक संजय अरोड़ा, जिला अध्यक्ष कन्हैया शर्मा, निशु गोसेवक, नवीन कुमार गोसेवक, चेतन अग्रवाल, राजकुमार गर्ग, विकास अग्रवाल, राजेश शर्मा, अनुराग मित्तल, प्रशांत सोनी, प्रवीण वर्मा, सचिन सैनी, मनोज गोयल, दीपांशु पाल, निशा वर्मा, निखिल वर्मा, पिंकी कुमार, सरदार जागन सिंह, संजीव शर्मा, अमरीश अग्रवाल, मंजू समेत संगठन के अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।