हरिद्वार। जिला कारागार के वरिष्ठ जेल अधीक्षक को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी मिलने से पुलिस और जेल प्रशासन में खलबली मच गई। आरोप है कि जेल में बंद महिला कैदी के पति ने फोन और वाट्सऐप संदेश के जरिए धमकाया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।बताया गया कि जेल में बंद महिला कैदी के पति हिमांशु चड्ढा ने अपनी पत्नी से मुलाकात के बाद जेल प्रशासन पर कुछ सुविधाएं देने का दबाव बनाया था। जेल नियमों के अनुसार मांग पूरी नहीं होने पर उसने कथित तौर पर जेल अधीक्षक से फोन पर बातचीत की और धमकी दी।आरोप है कि फोन कॉल के साथ वाट्सऐप के माध्यम से भी धमकी भरे संदेश भेजे गए। इसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेकर जेल अधीक्षक को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।शिकायत के आधार पर सिडकुल थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मोबाइल नंबर और वाट्सऐप संदेशों की तकनीकी जांच कर रही है। आरोपी की तलाश में भी दबिश दी जा रही है।धमकी की सूचना के बाद जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है। जेल परिसर में निगरानी बढ़ाने के साथ अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर भी अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धमकी के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपी के दावे की भी जांच की जा रही है।पुलिस के अनुसार आरोपी की पत्नी वर्ष 2023 से हरिद्वार जिला कारागार में विचाराधीन बंदी है। उसके खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस अब धमकी देने वाले आरोपी के आपराधिक और अन्य संपर्कों की भी जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group