मुजफ्फरनगर। तुल्हेड़ी गांव में उधारी के रुपयों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ा कि दोनों ओर से लाठी-डंडे और धारदार हथियार चल गए। मारपीट में चार लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया।बताया गया कि गांव में रुपयों के लेनदेन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इसी को लेकर शनिवार रात दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि संघर्ष के दौरान लाठी-डंडों के साथ धारदार हथियारों का भी इस्तेमाल किया गया।घटना में नीरज, कृष्ण, अजय और अंकित घायल हो गए। आसपास के लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जानसठ सीएचसी भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। एक पक्ष की ओर से चार लोगों के खिलाफ, जबकि दूसरे पक्ष की ओर से पांच लोगों के खिलाफ शिकायत दी गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गांव में स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। विवाद की वजह और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।