प्रयागराज। प्रदेश के अधिवक्ताओं के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के कार्यक्रम में उन्होंने वकीलों को पांच लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा देने का ऐलान किया। इसके साथ ही हाईकोर्ट आने वाले अधिवक्ताओं की सुविधा के लिए मल्टीलेवल पार्किंग बनाने और 400 राज्य विधि अधिकारियों को टैबलेट उपलब्ध कराने की घोषणा भी की।मुख्यमंत्री ने कहा कि न्याय व्यवस्था में अधिवक्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। हाईकोर्ट परिसर में आने वाले करीब 10 हजार अधिवक्ताओं को ध्यान में रखते हुए मल्टीलेवल पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। इससे वाहन खड़ा करने की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नए अधिवक्ता कक्षों की चाबी भी सांकेतिक रूप से बार एसोसिएशन को सौंपी। हाईकोर्ट पहुंचने पर अधिवक्ताओं ने उनका स्वागत किया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने युवा अधिवक्ताओं के उत्साह और ऊर्जा का उल्लेख करते हुए कहा कि उनमें भविष्य को लेकर आत्मविश्वास दिखाई देता है।डिजिटल सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए राज्य के 400 विधि अधिकारियों को टैबलेट देने की भी घोषणा की गई। इससे उन्हें न्यायिक कार्यों से संबंधित डिजिटल सामग्री और अन्य जरूरी संसाधनों तक आसानी से पहुंच बनाने में मदद मिलेगी।अधिवक्ताओं के लिए कैशलेस उपचार की सुविधा को बड़ी घोषणा के रूप में देखा जा रहा है। कार्यक्रम में मौजूद अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं के लिए आभार जताया।