मुजफ्फरनगर। किसान दिवस में किसानों की ओर से दर्ज कराई गई समस्याओं के निस्तारण को लेकर जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सोमवार को अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा की।बैठक में 19 अगस्त को जिला पंचायत सभागार में आयोजित किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों की स्थिति पर विभागवार चर्चा की गई। अधिकारियों से शिकायतों के निस्तारण के संबंध में जानकारी ली गई। समीक्षा के दौरान जिन विभागों की ओर से अभी तक शिकायतों के समाधान की रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए।एडीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों को लंबित न रखा जाए और उनका नियमानुसार समाधान कर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। जिन विभागों की शिकायतें अभी तक निस्तारित नहीं हुई हैं, उन्हें 15 सितंबर तक हर हाल में निस्तारण आख्या भेजने के निर्देश दिए गए।उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही ने बताया कि शासन के निर्देश पर प्रत्येक माह के तीसरे बुधवार को जिला स्तर पर किसान दिवस आयोजित किया जाता है। इसका उद्देश्य किसानों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के सामने रखकर उनका समाधान कराना है। अगस्त में आयोजित किसान दिवस में भी किसानों से उनकी समस्याओं के लिखित प्रत्यावेदन लिए गए थे।समीक्षा बैठक में संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों को किसानों की शिकायतों के समाधान में गंभीरता बरतने और निर्धारित समयसीमा का पालन करने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group