मुजफ्फरनगर। स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति जानने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया मंगलवार को आदर्श कॉलोनी स्थित नगरीय आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहुंचे। बिना पूर्व सूचना किए गए निरीक्षण में उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाएं देखीं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।सीएमओ ने केंद्र के अलग-अलग कक्षों का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से उपचार, परामर्श और मरीजों को दी जा रही सेवाओं के संबंध में जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र पर आने वाले लोगों को उपचार के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े और उन्हें समय से चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जाए।निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई और केंद्र की अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर भी ध्यान देने को कहा। स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देशित किया गया कि केंद्र की व्यवस्थाएं नियमित रूप से दुरुस्त रखी जाएं, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।डॉ. तेवतिया ने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए केंद्रों की कार्यप्रणाली की समय-समय पर जांच की जाएगी। निरीक्षण में सामने आने वाली कमियों को दूर कराने के साथ ही दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी निगरानी की जाएगी।