मुजफ्फरनगर। जिले में 17 सितंबर से शुरू होने वाले एक माह के सेवा संकल्प अभियान को लेकर मंगलवार को विकास भवन में तैयारियों की समीक्षा की गई। राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अभियान की रूपरेखा पर चर्चा की और कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।राज्य मंत्री ने कहा कि अभियान केवल सरकारी कार्यक्रमों तक सीमित न रहे, बल्कि इसमें आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ सेवा, सुशासन और विकास के प्रति जनविश्वास मजबूत करना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं का लाभ पाने से कोई पात्र व्यक्ति वंचित न रहे।बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रस्तावित विभिन्न गतिविधियों की विभागवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उन्हें सौंपे गए कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्यक्रमों को सफल बनाएं।मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण ने बताया कि अभियान के दौरान सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों के जीवन में आए बदलाव को भी सामने लाया जाएगा। इसके लिए लाभार्थियों की सफलता की कहानियां, फोटो और वीडियो जुटाए जाएंगे। इन्हें ‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रचारित किया जाएगा।अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके अलावा विद्यालयों में बच्चों के लिए चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित कर पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। बेहतर कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और लाभार्थी माताओं को सम्मानित किया जाएगा। वहीं ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत स्वच्छता, पौधारोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर और श्रमदान जैसी गतिविधियां कराई जाएंगी।’सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ के अंतर्गत विकासखंड स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। इसके साथ ही सेवा ज्योति यात्रा समेत अन्य कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।बैठक में जिला पंचायत प्रशासक अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, रालोद जिलाध्यक्ष संजय राठी, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, विधायक वंदना वर्मा, राज्य महिला आयोग सदस्य सपना कश्यप, पूर्व विधायक उमेश मलिक व प्रमोद ऊंटवाल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group