मुजफ्फरनगर। शाहपुर कस्बे के मोहल्ला कस्सावान (इस्लामाबाद) में सोमवार को खाना बनाते समय रसोई में रखे एलपीजी सिलेंडर ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। हादसे में परिवार के तीन सदस्य झुलस गए, जबकि रसोई और घर में रखा घरेलू सामान भी आग की चपेट में आ गया।जानकारी के अनुसार साजिद सैफी के घर में खाना तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान सिलेंडर में आग लग गई। आग बढ़ने पर घर में मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। धुआं और लपटें देखकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।सिलेंडर में लगातार आग लगी होने के कारण मोहल्लेवासियों को बड़े हादसे की आशंका सताने लगी। स्थिति को देखते हुए कुछ लोगों ने साहस दिखाकर जलते सिलेंडर को मकान से बाहर निकाल लिया। इसके बाद पानी, मिट्टी और गीले कंबल की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।हादसे में साजिद, उनका बेटा अनस और खुर्शीद झुलस गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। आग से रसोई में रखा सामान और अन्य घरेलू सामग्री जल गई।समय रहते सिलेंडर को घर से बाहर निकाल लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद कुछ समय तक मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group